सुल्तानपुर में युवक का संदिग्ध हालात में मिला शव:घर से 2 किमी दूर बरामदे में पड़ा था, कीटनाशक रैपर और कोलड्रिंक की बोतल बरामद


सुल्तानपुर के कादीपुर में एक 35 वर्षीय युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिला है। मृतक की पहचान भीटी पहाड़पुर निवासी बाबूराम पुत्र स्वर्गीय राम मिलन के रूप में हुई है। उसका शव घर से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर एक मकान के बरामदे में पड़ा मिला। यह शव रविवार को तब मिला जब वीरेंद्र बिन्द नामक व्यक्ति अपने खेत जोत रहे थे। उन्होंने शव देखकर तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मंगल नगर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि बाबूराम 30 मई को दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच किसी काम से घर से निकले थे। शाम तक उनके वापस न लौटने पर परिवार ने तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने सोचा था कि वह शायद किसी रिश्तेदार के यहां गए होंगे। अगले दिन सुबह गांव में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना फैली। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो शव की पहचान बाबूराम के रूप में हुई। यह शव बीरी हाजीपुर निवासी सुरेश निषाद पुत्र भूरदुल निषाद के मकान के बरामदे में मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि मौके से कीटनाशक का एक रैपर और कोलड्रिंक की बोतल मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बाबूराम अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। वह मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *