![]()
कांग्रेस सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शुक्रवार को दोपहर 12.15 बजे कानपुर के तिलक हॉल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का राजनीतिक श्रेय लेने वाली भाजपा अब इस मामले पर पूरी तरह चुप है। यदि मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं तो बीजेपी को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। सांसद पप्पू यादव बोले- अयोध्या जाने के सवाल पर पप्पू यादव ने कहा, “हम 24 घंटे अयोध्या और भगवान राम के आदर्शों में जीते हैं। भगवान राम ने देश और समाज के लिए त्याग, सत्य और मर्यादा का संदेश दिया था। कांग्रेस और मैं हमेशा उन्हीं आदर्शों के साथ जनता की सेवा करने का प्रयास करते हैं। हमारे नेता राहुल गांधी भी भगवान राम के बताए सत्य और न्याय के मार्ग पर देश के करोड़ो लोगों के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं।” प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के उस बयान का भी जिक्र हुआ, जिसमें उन्होंने राम मंदिर के दर्शन के बजाय केवल हनुमानगढ़ी जाने की बात कही थी। इस पर पप्पू यादव ने दावा किया कि “उन्हें पहले से पता था कि मंदिर में लगातार चोरी हो रही है। इसलिए उन्होंने ऐसा बयान दिया।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। पप्पू यादव ने आगे आरोप लगाया कि मंदिर में मिलने वाले दान और चढ़ावे की पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने देश के प्रमुख मंदिरों में आने वाले दान का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन का पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ प्रबंधन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रेस वार्ता में कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सुहेल अंसारी, आलोक मिश्रा, हरप्रकाश अग्निहोत्री, नौशाद आलम मंसूरी, टिल्लू ठाकुर, विकास अवस्थी, प्रतिभा अटल पाल, करिश्मा ठाकुर, जे.पी. पाल, मानेश दीक्षित, शीलू श्रीवास्तव, राकेश साहू, विनोद अवस्थी, सतीश दीक्षित, इखलाख अहमद डेविड, सैमुअल लकी सिंह, राजेश गौतम, संजीव मिश्रा, सीता अग्निहोत्री, बैतूल खान मेवाती, प्रमोद गुप्ता, जावेद उस्मानी, रामजी दुबे, आशुतोष शुक्ला, उपेंद्र यादव, शिवम पटवा, सुधीर शुक्ला, रवि वर्मा, राजेश खन्ना, रवि तिवारी, रवि पटवा, अंकित कन्नौजिया, विशाल गुप्ता, श्यामू गुप्ता, दिलशाद अहमद, अब्दुल माबूद में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
बिहार से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव कानपुर में बोले-:राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाले अब चुप क्यों, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो