सुनेत्रा बोलीं- अजित पवार की मौत पर राजनीति न करें:मेरा दर्द कोई नहीं समझ सकता; सुले ने NCP पर सत्ता भोगने का आरोप लगाया


महाराष्ट्र की डिप्टी CM और NCP प्रमुख सुनेत्रा पवार ने विपक्षी नेताओं से उनके पति अजित पवार की मौत पर राजनीति नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अजित पवार की मां, बच्चों और उनके दुख को कोई और नहीं समझ सकता। सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को पुणे में कहा कि 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट के पास हुए विमान हादसे में तत्कालीन डिप्टी CM अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि अजित दादा के जाने से महाराष्ट्र में पैदा हुआ खालीपन बहुत बड़ा है। यह बयान NCP (SP) की वर्किंग प्रेसिडेंट सुप्रिया सुले के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने हादसे के बाद NCP पर सत्ता का आनंद लेने का आरोप लगाया था। यह जानकारी न्यूज एजेंसी PTI ने दी है। सुनेत्रा बोलीं- हादसे को राजनीतिक मुद्दा न बनाएं सुनेत्रा पवार ने कहा, “अजित दादा के जाने से महाराष्ट्र में पैदा हुआ खालीपन बहुत बड़ा है। उनकी मां, उनके बच्चों और मुझसे ज्यादा इस दर्द को कौन समझ सकता है? इसलिए अजित दादा के हादसे को राजनीतिक मुद्दा न बनाएं।” उन्होंने कहा कि परिवार और इससे जुड़े दूसरे लोग हादसे के बाद ठोस फैसला चाहते थे। इस दिशा में कोशिशें की जा रही हैं। सुनेत्रा ने बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पहले ही मिल चुके हैं। उन्होंने कहा, “इस बारे में सभी लोग जानते हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में अपना वादा किया है और उसे पूरा करने की हर कोशिश कर रहे हैं।” जांच एजेंसियों को समय देने की अपील डिप्टी CM ने कहा कि उन्हें कानून और संविधान पर भरोसा है। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और उन्हें समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बार-बार मीडिया के सामने आना जांच में किसी अपडेट की गारंटी नहीं है। सुनेत्रा ने कहा, “लगातार मीडिया के सामने आने का मतलब यह नहीं है कि जांच में कोई अपडेट मिल रहा है। यह संदेह है कि बार-बार मीडिया ट्रायल तो नहीं किया जा रहा।” उन्होंने इस मामले पर बयान देने वाले सभी लोगों से अजित पवार की मां, बच्चों और उनके दुख के बारे में सोचने की अपील की। सुनेत्रा ने कहा, “अजित दादा की मां, उनके बच्चों और मुझसे ज्यादा इस घटना से कौन दुखी हो सकता है, इस बारे में सभी को सोचना चाहिए।” सुप्रिया सुले ने NCP पर लगाए थे आरोप सुप्रिया सुले ने बुधवार को पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, “मेरे भाई यानी मेरे कजिन अजित पवार की मौत को लेकर FIR दर्ज क्यों नहीं की गई? हमने अपने परिवार के एक प्रमुख सदस्य को खोया है। NCP का अजित पवार गुट मौजूदा सरकार का हिस्सा है। क्या उनके 40 विधायकों या 8-9 मंत्रियों में से किसी ने मेरे भाई की मौत को लेकर FIR या सही जांच की मांग करते हुए एक शब्द भी कहा है?” सुले ने कहा था, “हमारा भाई चला गया और वे सत्ता का आनंद ले रहे हैं।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *