![]()
सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के कुंदेरा गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे पति के कपड़ों पर लगा रंग देखकर उपजे विवाद के बाद एक विवाहिता ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नईगढ़ी निवासी 25 वर्षीय सोनी का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व कुंदेरा गांव निवासी गोलू के साथ हुआ था। मृतका के पति ने बताया कि गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वह चौथी की रस्म में गांव के अन्य लोगों के साथ गया था। विदाई के दौरान रिश्ते में लगने वाली एक मामी ने परंपरा के तहत उसके कपड़ों पर रंग लगा दिया। मंगलवार को घर लौटने पर सोनी ने पति के कपड़ों पर लगा रंग देखा। इसे लेकर उसके मन में संदेह पैदा हो गया और पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद सोनी ने पति से बातचीत बंद कर दी। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उसने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ पी लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सीतापुर में महिला ने सुसाइड किया:पति के कपड़ों पर रंग देखकर हुआ था झगड़ा, दो साल पहले हुई थी शादी