![]()
सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के सूरजकुंड के पास अहिरनपुरवा निवासी अंकुल (24) पुत्र मायाराम और काशीराम (36) पुत्र राम दुलारे एक ही मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बोलेरो में सवार सुखमन (21) पुत्र बलजीत और गुरसिमरन (17) पुत्र अवतार सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अंकुल और काशीराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं बोलेरो में सवार दोनों घायलों का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सीतापुर में बोलेरो की टक्कर से दो युवकों की मौत:बाइक सवारों को रौंदा, बोलेरो सवार दो लोग घायल,वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार