![]()
सीतापुर में शुक्रवार सुबह से शुरू हुई रुक-रुक कर लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। लगातार हुई वर्षा के चलते कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई और मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। बारिश के मद्देनजर छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी राजा गणपति आर. ने शनिवार को नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. गोरखनाथ पटेल ने आदेश जारी करते हुए जिले के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं अन्य बोर्डों से संचालित नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालयों को शनिवार के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं। आदेश में सभी विद्यालयों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हालांकि कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यालय अपने निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगे। इन विद्यालयों के संचालन में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। शनिवार सुबह मौसम साफ होने के बावजूद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह निर्णय बरकरार रखा है। अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को हुई लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और फिसलन जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में छोटे बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम से बचाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
Source link
सीतापुर में बारिश के चलते 8वीं तक स्कूल बंद:लगातार हो रही बारिश के कारण डीएम ने लिया फैसला, सोमवार को खुलेंगे