![]()
गोंडा में सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद विदेशी गिफ्ट भेजने का झांसा देकर एक परिवार से करीब 40 लाख रुपए की साइबर ठगी की गई। आरोप है कि जालसाजों ने पार्सल छुड़ाने और सीबीआई की कार्रवाई से बचाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूली। पीड़ित युवती की मां की शिकायत पर शनिवार शाम 6.47 बजे साइबर क्राइम थाने में फराज राजपूत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसकी कॉपी रविवार रात 10 बजे सामने आई। इंस्टाग्राम से शुरू हुई बातचीत ग्राम बनगाई बरवार, तहसील और जिला गोंडा निवासी चांदनी सिंह पत्नी विजय सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दी है। तहरीर के अनुसार, उनकी बेटी पायल सिंह की पहचान इंस्टाग्राम पर फराज राजपूत नाम के युवक से हुई थी। बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि फराज ने +44 कोड वाले विदेशी नंबर का इस्तेमाल किया। पायल ने बातचीत के दौरान उसे बताया था कि 21 अगस्त को उसका जन्मदिन है। इसके बाद युवक ने गिफ्ट भेजने की बात कही और कथित तौर पर आधार कार्ड हासिल कर लिया। फिर फोन करके बताया कि पार्सल भेज दिया गया है और उसे लेने के लिए कोरियर एजेंट को 10 हजार रुपए देने होंगे। रानी हार, डायमंड रिंग और डॉलर भेजने का दावा शिकायत के मुताबिक, जालसाज ने पार्सल में रानी हार, डायमंड रिंग और 50 हजार डॉलर नकद भेजने का दावा किया। इसके बाद डिलीवरी एजेंट बनकर संपर्क करने वालों ने पार्सल छुड़ाने के नाम पर यूपीआई से 10 हजार रुपए ट्रांसफर कराए। आरोप है कि बाद में सीबीआई द्वारा पार्सल पकड़े जाने और परमिशन लेटर बनवाने का डर दिखाकर 2 लाख रुपए वसूले गए। इसके बाद बाराबंकी के पास कोरियर गाड़ी का एक्सीडेंट होने का बहाना बनाया गया। अलग-अलग यूपीआई स्कैनर के जरिए करीब 8 लाख रुपए और लेने का आरोप है। मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े जाने का बनाया बहाना तहरीर के अनुसार, इसके बाद फराज ने खुद के लंदन से लखनऊ आने की बात कही। उसने दावा किया कि उसे मुंबई एयरपोर्ट पर रोक लिया गया है और सीबीआई ने पकड़ लिया है। कथित तौर पर गिफ्ट का बिल छूटने और पेनल्टी भरने के नाम पर 4 लाख रुपए मांगे गए। आरोप है कि रकम जुटाने के लिए पीड़ित परिवार ने जेवर तक बेच दिए। इसके बावजूद ठगी का सिलसिला नहीं रुका। शिकायतकर्ता के मुताबिक, अलग-अलग किस्तों में कुल करीब 40 लाख रुपए ले लिए गए। अब भी अतिरिक्त रकम की मांग की जा रही है। साइबर थाना पुलिस कर रही जांच गोंडा साइबर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से साक्ष्य मांगे गए हैं, जिनका सत्यापन किया जाएगा। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
गोंडा में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर 40 लाख की ठगी:विदेशी गिफ्ट और CBI का डर दिखाकर वसूले रुपए, जेवर बेचकर भी भरी पेनाल्टी