![]()
सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक संदिग्ध परिस्थिति में बुजुर्ग का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला चतुराबेहड़ गांव का है, जहां रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ से लटका शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 62 वर्षीय शुभनाथ पुत्र सर्वजीत निवासी चतुराबेहड़ के रूप में की। बताया जा रहा है कि शुभनाथ पिछले करीब 30 वर्षों से लखनऊ में अपने परिवार के साथ रह रहे थे और बीच-बीच में ही गांव आते थे। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार दोपहर लखनऊ से गांव पहुंचे थे, लेकिन इसके बाद उनका शव रविवार सुबह संदिग्ध हालत में पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव से करीब 20 मीटर दूर मृतक की चप्पलें और कुछ दूरी पर उनका चश्मा पड़ा मिला, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि शुभनाथ की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक जनगणना विभाग में ड्राइवर के पद से सेवानिवृत्त थे और स्वभाव से शांत व्यक्ति माने जाते थे। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग इसे संदिग्ध मान रहे हैं। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महमूदाबाद पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Source link
सीतापुर में पेड़ से लटका मिला बुजुर्ग का शव:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, मृतक के दोनों पैर जमीन में लगने से गहराया शक