![]()
मलिहाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में दो नाबालिग बहनों ने अपने सगे चाचा पर तीन साल तक दुष्कर्म करने और पिता पर आरोपी का साथ देकर मामला दबाने का आरोप लगाया है। मां की तहरीर पर पुलिस ने चाचा के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं और पिता के खिलाफ सहयोग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पीड़िताओं की मां लखनऊ में प्राइवेट जॉब करती हैं। उनकी 12 और 14 साल की बेटियां पिता के साथ रहती हैं। घर के पास ही आरोपी चाचा का स्कूल है, जहां दोनों बच्चियां कक्षा छह और नौ में पढ़ती हैं।
पीड़िता की माँ ने शिकायत में बताया कि आरोपी चाचा पिछले तीन सालों से बच्चियों के खाने में नशे की गोलियां मिलाकर दुष्कर्म कर रहा था। 9 जून को उसने बड़ी बेटी से रेप किया। जब बच्ची ने पिता को इस बारे में बताया तो पिता ने उसे डांटकर चुप करा दिया। डर और दबाव के चलते बच्ची कुछ नहीं बोल पाई। आरोपी की हरकतों से तंग आकर दोनों बहनों ने पूरी बात मां को बताई। इसके बाद मां ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चाचा पेशे से स्कूल संचालक है, जबकि पिता जल निगम में नौकरी करते हैं। तहरीर के आधार पर चाचा के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट तथा पिता के खिलाफ सहयोग करने की धारा में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
Source link
चाचा पर नाबालिक भतीजियों से दुष्कर्म का आरोप:शिकायत पर पिता ने दबाया मामला दबाया, मां की तहरीर पर केस दर्ज