![]()
सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र के दासापुर गांव में शुक्रवार देर शाम करीब 6 बजे रास्ते से पानी निकालने को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गांव के दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद दबंगों ने पिता-पुत्र पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पुत्र के गले में बांका लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पिता भी हमले में लहूलुहान हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, दासापुर गांव निवासी आलोक कुमार और उनके पुत्र देवेंद्र कुमार का रास्ते से पानी निकालने को लेकर गांव के ही राजेंद्र से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि राजेंद्र ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान देवेंद्र कुमार के गले में बांका लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता आलोक कुमार को भी मारपीट में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Source link
सीतापुर में पानी विवाद पर पिता-पुत्र पर बबांके से हमला:धारदार हथियारों से गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर