सीतापुर में कोतवाली से 60 मीटर दूर चाकूबाजी हुई:सिर और गर्दन पर चाकू लगने से युवक गंभीर घायल, आरोपी हिरासत में


सीतापुर के शहर कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर रविवार देर रात चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। महिला अस्पताल के सामने हुए इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायल युवक की पहचान आकाश तिवारी पुत्र राजेश तिवारी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रविवार देर रात महिला अस्पताल के सामने किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पंचू नामक युवक ने आकाश पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार हमलावर ने आकाश के गले, हाथ और सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वारदात को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, क्योंकि यह घटना कोतवाली से बेहद कम दूरी पर हुई है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मामूली कहासुनी के बाद युवक पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके। पुलिस आरोपी को मानसिक विक्षिप्त होने का भी दावा कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *