सीतापुर में कच्ची दीवार गिरने से महिला गंभीर घायल:नींव की खुदाई के दौरान मलबा गिरने से हादसा, महिला लखनऊ रेफर


सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र के फतेहनगर गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खड़ी जर्जर कच्ची दीवार को गिराने के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार फतेहनगर गांव निवासी सुशीला देवी (55) पत्नी मदन अपने पति और बच्चों के साथ घर के बाहर स्थित पुरानी एवं जर्जर कच्ची दीवार को गिराने के लिए उसकी नींव की खुदाई कर रही थीं। बताया जाता है कि खुदाई के दौरान अचानक दीवार का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर उनके ऊपर आ गिरा। देखते ही देखते सुशीला मलबे में दब गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाया और काफी प्रयास के बाद महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार महिला को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां परीक्षण के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। गनीमत रही कि हादसे के समय दीवार के पास मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। परिजन महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, जबकि चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *