सीतापुर में अखिलेश यादव के खिलाफ लगे पोस्टर:सपा सांसद आनंद भदौरिया ने खंभे पर चढ़कर हटाए पोस्टर, SP से मिला डेलीगेशन


सीतापुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ शहर की सीमा के बाहर लगाए गए पोस्टरों और बैनरों को लेकर सोमवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। पोस्टरों की जानकारी मिलते ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया ने स्वयं खंभे पर चढ़कर बैनर फाड़ दिए, जबकि छात्रसभा जिलाध्यक्ष शिवम सिंह के पदाधिकारियों ने भी अन्य पोस्टर और बैनर हटाए। शहर की सीमा के बाहर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कई स्थानों पर समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों पर “लाल टोपी, साइकिल निशान, यादववाद इनकी पहचान” जैसे नारे लिखे गए थे। साथ ही समाजवादी पार्टी के खिलाफ अन्य आपत्तिजनक और विरोधात्मक संदेश भी अंकित किए गए थे। पोस्टरों की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया ने विरोध जताते हुए एक ऊंचे खंभे पर चढ़कर क्रेन की मदद से चढ़कर बैनर को फाड़ दिया। उनके साथ मौजूद छात्रसभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी विभिन्न स्थानों पर लगे पोस्टरों को हटाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इसे समाजवादी पार्टी की छवि धूमिल करने की साजिश बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सपा सांसद आनंद भदौरिया का आरोप है कि अज्ञात लोगों द्वारा जानबूझकर पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि खराब करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया गया है। सांसद ने एसपी अंकुर अग्रवाल से मुलाकात कर मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई है। अब यह देखना होगा कि पोस्टर लगाने वाले लोगों की पहचान कर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *