सीएम योगी के आगमन से आगरा में लगा जाम:काफिले के चलते रोका गया ट्रैफिक, आधे घंटे तक राहगीर परेशान


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय आगरा दौरे के कारण शनिवार को शहर के कई मार्गों पर लंबा जाम लगा। फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में जनसभा के बाद उनका काफिला कमिश्नरी और फिर सर्किट हाउस पहुंचा। इस दौरान सुरक्षा के चलते पुलिस ने कई जगह रूट डायवर्ट किए, जिससे करीब आधा घंटा तक राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। सभा के बाद काफिले के चलते रोका गया ट्रैफिक मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से टाटा मैदान पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करने के बाद शाम 6 बजे उनका काफिला कमिश्नरी के लिए रवाना हुआ। इस दौरान जेपी होटल के पास, टीडीआई तिराहा, ताज व्यू चौराहा और फूल सैयद चौराहे पर पुलिस ने ट्रैफिक रोक दिया। करीब 10 मिनट बाद यातायात सामान्य किया गया। कमिश्नरी में बैठक के दौरान फूल सैयद चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों को राजपुर चुंगी की तरफ डायवर्ट किया गया। अन्य वाहनों को पुरानी मंडी के रास्ते भेजा गया। बैठक के दौरान अमर होटल की ओर भी वाहनों को नहीं जाने दिया गया। इससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई। यातायात पुलिस ने मशक्कत कर जाम में फंसे वाहनों को निकलवाया। यमुना किनारा और आईएसबीटी पर भी अव्यवस्था
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस ने यमुना किनारा रोड पर शुक्रवार रात से ही ट्रांसपोर्टर्स के गोदामों की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया था। शनिवार सुबह भी जीवनी मंडी पर भारी वाहनों को रोक दिया गया। इससे सुबह से ही जीवनी मंडी और यमुना किनारा रोड पर जाम लग गया। रात में भी ट्रांसपोर्ट कंपनियों पर लोडिंग-अनलोडिंग बंद रही।वहीं शनिवार सुबह करीब 10 बजे आईएसबीटी के बाहर हाईवे पर बस चालकों ने सड़क पर ही बसें खड़ी कर सवारियां बिठानी शुरू कर दीं। इससे हाईवे पर एक किमी से ज्यादा लंबी कतार लग गई। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि बसों के अवैध ठहराव पर लगातार कार्रवाई हो रही है। रविवार को आईएसबीटी पर टीआई खुद मौजूद रहेंगे और सड़क पर बस रोकने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *