![]()
उन्नाव के बीघापुर अग्निशमन केंद्र प्रभारी शैलेंद्र सिंह को एक सिपाही से मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। बीघापुर तहसील क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास स्थित अग्निशमन केंद्र में तैनात सिपाही विशाल पटेल ने उच्चाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र दिया था। इसमें उन्होंने केंद्र प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए थे। सिपाही विशाल पटेल ने आरोप लगाया कि केंद्र प्रभारी लंबे समय से उनका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर रहे थे। उन्हें भीषण गर्मी में बिना साफ-सफाई वाली दूसरी मंजिल की बैरक में रहने के लिए मजबूर किया जाता था, जबकि नीचे की बैरक खाली थी। उन्हें पंप पर स्नान करने से भी रोका जाता था। शिकायत के अनुसार, 22 जून को सिपाही विशाल पटेल अपने साथियों के साथ बैठे थे। तभी केंद्र प्रभारी शैलेंद्र सिंह प्लास लेकर पीछे से आए और उनके माथे पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद उनकी छाती और पीठ पर भी कई वार किए गए। मौके पर मौजूद अन्य अग्निशमन कर्मियों ने बीच-बचाव कर सिपाही को बचाया। घटना के बाद सिपाही ने अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद जांच शुरू की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अनूप सिंह ने बताया कि सिपाही की शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले में विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सिपाही पर प्लास से हमला, केंद्र प्रभारी निलंबित:उन्नाव में विभागीय जांच शुरू, मानसिक उत्पीड़न के आरोप