साथियों के रिटायरमेंट पर गले मिले, फूलों से लाद दिया:एजी ऑफिस से 28 कर्मचारी सेवानिवृत्त, भावुक माहौल में विदाई समारोह


प्रयागराज के कार्यालय महालेखाकार (एजी ऑफिस) में मंगलवार को भावनाओं से भरा एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 28 सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों को उनके दशकों लंबे सेवाकाल के सम्मान में फूल-माला, अंगवस्त्र और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। समारोह का आयोजन राष्ट्रीय लोक सेवार्थ संगठन, प्रयागराज के संयोजक ओम प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार पर किया गया। इस विदाई समारोह की सबसे खास बात यह रही कि यह आयोजन किसी सरकारी बजट से नहीं, बल्कि वर्ष 2013 से कर्मचारियों के आपसी सहयोग और स्वैच्छिक योगदान से लगातार किया जा रहा है। कर्मचारियों का मानना है कि कार्यालय सिर्फ कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह होता है, जहां साथी अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष एक-दूसरे के साथ बिताते हैं।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में सहायक पर्यवेक्षक, वरिष्ठ लेखाधिकारी, वरिष्ठ लेखाकार, पर्यवेक्षक, सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी, वरिष्ठ लेखा परीक्षा अधिकारी, लेखाकार, डाटा एंट्री ऑपरेटर, लिपिक और एमटीएस सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत 28 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि एक कर्मचारी अपने जीवन के 30 से 40 वर्ष विभाग की सेवा में समर्पित करता है। कई बार वह अपने परिवार से अधिक समय अपने सहकर्मियों के साथ बिताता है। ऐसे में सेवानिवृत्ति का क्षण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भावनात्मक पल होता है। इसलिए सभी कर्मचारी मिलकर यह प्रयास करते हैं कि उनके साथी को सम्मान, अपनापन और खुशी के साथ विदाई दी जाए, ताकि वह अपने कार्यकाल की मधुर यादों को जीवनभर संजोए रखे। वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। अब सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने सरकारी दायित्वों से मुक्त होकर परिवार के साथ अधिक समय बिता सकेंगे और जीवन के नए पड़ाव का आनंद ले सकेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने सेवानिवृत्त साथियों के स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान कई क्षण ऐसे भी आए, जब वर्षों तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों की आंखें नम हो गईं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *