![]()
कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना भी जरूरी है। इसी सोच के तहत फूलबाग में स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े तीन महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें गणेश शंकर विद्यार्थी, मौलाना हसरत मोहानी और श्याम लाल गुप्ता शामिल हैं। प्रतिमाओं के साथ उनके योगदान और बलिदान का उल्लेख करते हुए शिलापट भी लगाए जाएंगे। बोले- कानपुर ने स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई बड़ी भूमिका सांसद ने कहा कि कानपुर देश के स्वतंत्रता संग्राम में अलख जगाने वाला शहर रहा है। उन्होंने बताया कि पंडित गणेश शंकर विद्यार्थी एक पत्रकार होने के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। अंग्रेजों के दौर में उन्होंने गांधी जी के कहने पर एमएलसी का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। सांसद ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम सद्भाव के लिए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। ऐसी महान शख्सियत की प्रतिमा शहर में स्थापित की जाएगी ताकि नई पीढ़ी उनके त्याग को याद रख सके। ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे का जिक्र मौलाना हसरत मोहानी के बारे में सांसद ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के अधिवेशन में सबसे पहले स्वराज का नारा दिया था। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान “इंकलाब जिंदाबाद” का नारा भी उन्होंने ही बुलंद किया था। सांसद ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि यह ऐतिहासिक नारा कानपुर से जुड़ी शख्सियत मौलाना हसरत मोहानी ने दिया था। ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ के रचयिता को भी मिलेगा सम्मान सांसद ने कहा कि “झंडा ऊंचा रहे हमारा” जैसा देशभक्ति गीत लिखने वाले श्याम लाल गुप्ता की प्रतिमा भी फूलबाग में लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह गीत आज भी देश-दुनिया में गाया जाता है और लोगों में राष्ट्रभक्ति का भाव जगाता है। भविष्य में गंगू वाल्मीकि की प्रतिमा लगाने की योजना सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि भविष्य में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गंगू वाल्मीकि की प्रतिमा भी स्थापित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों को अपने महापुरुषों और उनके बलिदान को याद रखना चाहिए। योजना है कि तीनों महापुरुषों की प्रतिमाएं एक ही स्थान पर शिलापट के साथ स्थापित की जाएंगी, ताकि लोग वहां पहुंचकर उनके योगदान के बारे में जान सकें।
Source link
सांसद बोले- फूलबाग में लगेगी स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं:विरासत भी जरूरी, गणेश शंकर विद्यार्थी, हसरत मोहानी और श्याम लाल गुप्ता की मूर्ति लगाएंगे