सांसद ने दिशा की बैठक में योजनाओं की समीक्षा की:बिजनौर में चंद्रशेखर बोले- कोई पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे


बिजनौर के विकास भवन में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। शाम करीब 4:30 बजे तक चली बैठक की अध्यक्षता नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर ने की, जबकि बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने सह-अध्यक्षता की। बैठक में जिले में संचालित विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद चंद्रशेखर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पात्र और वंचित लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। 15 दिन में पात्र लोगों को शौचालय योजना का लाभ देने के निर्देश सांसद ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामों में शौचालय निर्माण की स्थिति की समीक्षा करने और अगले 15 दिनों में पात्र एवं वंचित लोगों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। नगर निकायों में सफाई कर्मचारियों के वेतन में एकरूपता सुनिश्चित करने को भी कहा। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परिषदीय विद्यालयों में भवन, साफ-सफाई, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी को कार्डधारकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने को कहा गया। किरतपुर मार्ग का निर्माण अगले माह शुरू होने की उम्मीद सांसद ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों से किरतपुर मार्ग के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और आगामी माह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। विद्युत विभाग को ढीले तारों को दुरुस्त कराने और घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग से गुलदार के हमले में हुई मौतों और घायलों की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही पिछले पांच वर्षों में किसानों को दिए गए पट्टों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के निर्देश सह-अध्यक्ष बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने चांदपुर विधानसभा क्षेत्र में संभावित बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की समय-समय पर स्वयं जांच करने को कहा। चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश ने चांदपुर-बास्टा मार्ग के निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। 500 तालाबों का लक्ष्य, 250 पर काम शुरू जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जीराम जी योजना, जो 1 जुलाई 2026 से लागू हुई है, के तहत जिले में 500 तालाबों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष 250 तालाबों पर कार्य शुरू हो चुका है। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य दिसंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। मानव दिवस सृजन का निर्धारित लक्ष्य भी दिसंबर तक पूरा करने को कहा गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1,39,348 महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष अब तक 28,824 महिलाओं को समूहों से जोड़ा जा चुका है। जिलाधिकारी ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए अलग से रोजगार मेले आयोजित कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भेजे गए पांच प्रस्तावों में से दो को स्वीकृति मिलने की जानकारी भी बैठक में दी गई। जनधन के 19.72 लाख खाते खुले जिलाधिकारी के अनुसार प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जिले में अब तक 19,72,098 बैंक खाते खोले जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई 2026 तक 50,798 नए खाते खोले गए। अटल पेंशन योजना के तहत अब तक 26,165 लोग लाभान्वित हुए हैं, जबकि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 1,28,009 लाभार्थियों को लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ ले रहे चार युवकों का सरकारी नौकरी में चयन हुआ है। इन युवकों को सम्मानित किया जाएगा। कई योजनाओं की हुई समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी और ग्रामीण, विभिन्न पेंशन योजनाओं, स्वास्थ्य, विद्युत, दिव्यांगजन कल्याण, समाज कल्याण, जल जीवन मिशन ग्रामीण एवं नगरीय और उद्योग विभाग समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान बैठक में जिलाधिकारी, चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *