![]()
सहारनपुर के रेल यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर है। सहारनपुर को नई ट्रेन की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जालंधर कैंट से संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पहले दिन यह ट्रेन स्पेशल सेवा के रूप में जालंधर कैंट से वाराणसी के बीच संचालित होगी। इसके बाद इसका नियमित संचालन सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा। नियमित सेवा में ट्रेन संख्या 14624/14625 के रूप में यह पंजाब के छेहरटा और वाराणसी के बीच चलेगी। शुक्रवार को उद्घाटन यात्रा के दौरान ट्रेन जालंधर कैंट से अपराह्न 3:40 बजे रवाना होगी। लुधियाना और अंबाला कैंट होते हुए यह रात 8:18 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इस नई सेवा से सहारनपुर के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच यात्रा करने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। सहारनपुर रेलवे स्टेशन से वर्तमान में अप और डाउन दिशा में करीब 153 ट्रेनों का संचालन होता है। प्रतिदिन लगभग 35 से 40 हजार यात्री इन ट्रेनों से सफर करते हैं। नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों की सुविधा में और इजाफा होने की उम्मीद है, खासकर वाराणसी और रास्ते के प्रमुख शहरों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि हाल के वर्षों में सहारनपुर को कई नई रेल सेवाएं मिली हैं। नौ दिसंबर 2025 से सहारनपुर-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ था। इससे पहले देहरादून-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस तथा सहारनपुर-दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी शुरू की गई थीं, जिनका नियमित संचालन जारी है। अब संत रविदास एक्सप्रेस के शुरू होने से सहारनपुर का रेल नेटवर्क और मजबूत होगा तथा यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
Source link
सहारनपुर से होकर गुजरेगी संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन:सप्ताह में तीन दिन जालंधर कैंट से वाराणसी के बीच चलेगी, पीएम नरेंद्र मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी