![]()
सहारनपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और मदरसों में मनाया गया। इस अवसर पर जगह-जगह ध्वजारोहण कर अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया गया। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने अपने आवास पर ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के उपरांत नवीन सभागार में एक समारोह आयोजित किया गया,जिसमें राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति प्रस्तुतियां दी गईं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से निष्ठा,ईमानदारी,पारदर्शिता तथा संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने आयुक्त कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ। मंडलायुक्त ने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होना एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा व पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने ध्वजारोहण किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रहित और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। पुलिस लाइन में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम में महापौर और नगरायुक्त ने ध्वजारोहण किया। मंडलीय सूचना कार्यालय में जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता ने तिरंगा फहराया और कर्मचारियों को राष्ट्रहित एवं जनहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने की प्रेरणा दी। कलेक्ट्रेट समारोह में देशभक्ति गीत,कविताएं,कव्वाली और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया। जिलेभर के अन्य सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और मदरसों में भी ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे जनपद में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
Source link
सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस पर उत्साह:डीएम, मंडलायुक्त, डीआईजी-एसएसपी ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन