सहारनपुर में नाबालिग बेटी को लेकर चचेरा भाई फरार:प्रेम-प्रसंग के बाद दोनों लापता, पिता ने दर्ज कराई शिकायत


सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी के भीतर प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आने के बाद एक नाबालिग किशोरी के अपने ही चचेरे भाई के साथ घर से लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर दोनों को तलाशने की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना फतेहपुर के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी (18 वर्ष से कम) शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे के बाद घर से अचानक गायब हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी दौरान परिवार के चाचा का बेटा भी घर से लापता मिला। पीड़ित पिता के अनुसार, कुछ दिन पहले परिवार के सामने दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की जानकारी मिली थी। उस समय परिवार के लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन अब दोनों के एक साथ गायब होने से परिवार को पूरा संदेह है कि उन्होंने पहले से योजना बनाकर घर छोड़ा है। तहरीर में बताया कि परिवार के एक रिश्तेदार ने शुक्रवार दोपहर आरोपी युवक को एक युवती के साथ बाइक पर देहरादून चौक की ओर जाते हुए देखा था। शिकायत के अनुसार, आरोपी के पास यूपी-11 सीएन-9378 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल है और उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि दोनों साथ में कहीं चले गए हैं। उन्होंने पुलिस से दोनों की जल्द तलाश कर सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। फतेहपुर थाना पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *