सहारनपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी:मां से मिलकर लौट रहे मजदूर की मौत, परिजनों में मातम पसरा


सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से मजदूर बबलू कुमार की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब बबलू अपनी मां से मिलकर बाइक से घर लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक 44 वर्षीय बबलू कुमार रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर के निवासी थे। वह नकुड़ क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्टे पर अपनी मां से मिलने गए थे, जहां उनकी मां मजदूरी करती हैं। शाम के समय बबलू बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सरसावा क्षेत्र के गांव सालपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बबलू कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बबलू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। बबलू की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि बबलू मजदूरी कर अपने घर का पालन-पोषण करते थे और उनकी कमाई ही परिवार का मुख्य सहारा थी। मृतक की बहन पिंकी ने बताया कि बबलू मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाते थे। इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया गया है। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *