![]()
सहारनपुर में बड़गांव थाना क्षेत्र के सावंतखेड़ी गांव में पुलिस ने अवैध शराब के बड़े कारोबार का खुलासा किया है। एक मकान में संचालित कच्ची शराब की भट्ठी पर छापेमारी कर पुलिस ने 610 लीटर अवैध शराब, 800 लीटर लहन और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री से बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार की जा रही थी। मौके से पांच किलो यूरिया भी मिला है, जिसका इस्तेमाल शराब बनाने में किया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पड़ा छापा सीओ शैलेंद्र गौतम ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव सावंतखेड़ी में एक मकान के अंदर अवैध शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी तो घर के अंदर शराब तैयार करने का पूरा सेटअप मिला। मौके से अंकित, अमृत, शेरू उर्फ शेर सिंह, मीना और सनिता को गिरफ्तार कर लिया गया। शराब की भट्ठी, ड्रम और यूरिया बरामद पुलिस जांच में सामने आया कि शेरू उर्फ शेर सिंह के घर में ही शराब की भट्ठी संचालित की जा रही थी। तलाशी के दौरान सात जरीकैन में भरी 610 लीटर कच्ची शराब, पांच ड्रम में रखा 800 लीटर लहन और बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद हुए। बरामद सामान में लोहे के ड्रम, पाइप, प्लेट, एल्यूमीनियम की पतीली, गैस सिलेंडर, चूल्हे, तसले और अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस ने मौके पर मिले लहन को नष्ट भी कराया। पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शेरू उर्फ शेर सिंह का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। यह कार्रवाई थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link
सहारनपुर में घर में चल रही थी शराब की फैक्ट्री:610 लीटर कच्ची शराब और 800 लीटर लहन बरामद; 2 महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार