सहारनपुर में गोली मारकर बुजुर्ग की हत्या:देवबंद में लाइसेंसी बंदूक से चली गोली, पड़ोसी युवक से नोकझोंक के दौरान हुआ हादसा


सहारनपुर के देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा सादा में शुक्रवार देर रात पड़ोसियों के बीच हुई नोकझोंक के दौरान चली गोली से 75 वर्षीय जयपाल पुत्र गेंदा सिंह की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसएसपी अभिनंदन और एसपी देहात मयंक पाठक मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, जयपाल अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी प्रीतम कश्यप पुत्र प्रताप सिंह से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि दोनों के बीच नोकझोंक के बाद हाथापाई हुई। इसी दौरान जयपाल के पास मौजूद लाइसेंसी बंदूक से फायर हो गया और गोली जयपाल को लग गई। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने नामजद आरोपी प्रीतम कश्यप की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया है। टीमें ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि वादी पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने और आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नोकझोंक और हाथापाई के दौरान लाइसेंसी बंदूक से फायर होने का सामने आया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *