सहारनपुर में आशाराम आश्रम हत्याकांड में मुख्य आरोपी अरेस्ट:5 लाख के विवाद में आश्रम सेवक की हत्या, लोहे की रॉड से किया हमला


सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित आशाराम आश्रम में सेवक की हत्या के मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस ने मुख्य आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव कुमार गुप्ता पुत्र झंडूराम निवासी लेबर कॉलोनी, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है। उसे शुक्रवार शाम को रेलवे लाइन के किनारे बनी शेड के नीचे से पकड़ा गया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर पटरी के पास झाड़ियों में छिपाई गई लोहे की रॉड बरामद की गई। मृतक भरत गुप्ता मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था। वह लंबे समय से आश्रम में सेवक के रूप में रहकर संचालन संबंधी कार्य देखता था। पुलिस के अनुसार, 13 मई की दोपहर आरोपी गौरव आश्रम पहुंचा था। यहां उसका भरत गुप्ता से करीब पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी तो आरोपी ने गुस्से में आकर दवाई वितरण कक्ष में रखी लोहे की रॉड उठाई और भरत के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल भरत गुप्ता को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ा दी गई। इस मामले में थाना कुतुबशेर में पहले हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज किया गया था। घायल की मौत के बाद हत्या की धारा की वृद्धि की गई। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या में इस्तेमाल आलाकत्ल बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी गौरव ने पुलिस को बताया कि भरत गुप्ता पर उसके पांच लाख रुपये बकाया थे। पैसे मांगने पर विवाद बढ़ गया और उसने गुस्से में वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद वह रॉड बैग में डालकर आश्रम से फरार हो गया था। एसएसपी के निर्देश पर थाना कुतुबशेर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *