![]()
अंबेडकरनगर में पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब सरयू नदी पर साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए 84.57 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से महज 99 सेंटीमीटर नीचे है। बीते 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 30 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जलस्तर में लगातार वृद्धि से तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका गहराने लगी है। नदी का बढ़ता पानी अब निचले इलाकों की ओर फैलना शुरू हो गया है। विशेष रूप से मांझा कम्हरिया और आराजी देवारा क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। सरयू के किनारे तेज कटान जारी है, जिससे खेती योग्य भूमि धीरे-धीरे नदी में समाती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो बड़ी संख्या में खेत नदी की भेंट चढ़ सकते हैं और तटबंधों पर भी दबाव बढ़ जाएगा। वहीं, आलापुर तहसील क्षेत्र के देवारांचल में भी बाढ़ की आहट तेज हो गई है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती गांवों और पुरवों के लोग सतर्क हो गए हैं। हालांकि अभी तक नदी का पानी आबादी वाले क्षेत्रों तक नहीं पहुंचा है। मांझा क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। प्रशासन और ग्रामीण दोनों स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। कटान से प्रभावित गांवों के लोगों ने प्रशासन से बचाव और निगरानी के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
Source link
सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, खतरे के निशान के करीब:24 घंटे में 30 सेमी की वृद्धि, तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा