![]()
सुल्तानपुर में उत्तर प्रदेश के पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनीतिक पेंशन कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने रविवार शाम करीब 4 बजे युवाओं से सरकारी नौकरी के पीछे ही भागने के बजाय उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा आत्मनिर्भर बनने के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और खुद रोजगार हासिल करने के साथ दूसरों को भी रोजगार देने की दिशा में काम करें। शिक्षा को परिवार की पहली प्राथमिकता बताई मंत्री धर्मपाल सिंह पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित भगवान दक्ष प्रजापति जयंती एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हर परिवार की पहली प्राथमिकता बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना होनी चाहिए। युवाओं को एक लक्ष्य तय करके पढ़ाई करनी चाहिए, ताकि वे भविष्य में अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। माटी कला और खादी ग्रामोद्योग की योजनाओं का लाभ लेने की अपील मंत्री ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से माटी कला बोर्ड, खादी ग्रामोद्योग, जिला उद्योग केंद्र और कौशल विकास समेत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनके तहत युवाओं को प्रशिक्षण के साथ बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि उद्योग क्षेत्र में कदम रखकर युवा खुद रोजगार हासिल करने के साथ 50 से 100 अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं। लोहिया चौकी विवाद पर बोले- जल्द निकलेगा स्थायी समाधान नगर के लोहिया चौकी विवाद और बसंती देवी के मामले पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में धर्मपाल सिंह ने कहा कि मामले को अनसुना नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व पुलिस कप्तान से भी बातचीत हुई थी। अब नए पुलिस कप्तान से लगातार वार्ता चल रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुलिस चौकी के लिए उपयुक्त स्थान तलाश कर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करती है। पत्रकारों को धमकी दिए जाने के मामले में उन्होंने कहा कि यह जानकारी मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आई है। मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।
Source link
सरकारी नौकरी के पीछे न भागें युवा:सुल्तानपुर में मंत्री धर्मपाल सिंह बोले- उद्योग-व्यवसाय से बनें आत्मनिर्भर