सपा का आरोप- 11514 आरक्षित सीटों पर हुई अनियमितता:भाजपा सरकार के खिलाफ 'आरक्षण बचाओ' अभियान शुरू


समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आरक्षण के मुद्दे पर एक बड़ा अभियान शुरू किया है। बुधवार को प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने ‘पीडीए आरक्षण घोटाला’ विषय पर तैयार की गई बुकलेट का विमोचन किया और भाजपा सरकार पर आरक्षण में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए। सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि यह बुकलेट राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा 20 मई को लखनऊ में जारी की गई थी। इसका उद्देश्य जनता को आरक्षण से जुड़े तथ्यों से अवगत कराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2019 से 2026 के बीच हुई 22 सरकारी भर्तियों में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के अभ्यर्थियों के आरक्षित पदों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। डॉ. यादव ने दावा किया कि इन भर्तियों में पीडीए वर्ग के अभ्यर्थियों को कुल 11,514 आरक्षित सीटों का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर ‘संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ’ अभियान चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर इस बुकलेट को लोगों के बीच वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि बुकलेट में प्रमाणों के साथ यह दर्शाया गया है कि किस प्रकार आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किया गया और संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया गया। उनके अनुसार, यह मामला केवल भर्तियों में आरक्षण से जुड़ा है, जबकि पार्टी द्वारा अन्य विषयों पर भी अध्ययन और ऑडिट किया जा रहा है। सपा एमएलसी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए समानता और सामाजिक न्याय के अधिकारों को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी और पीडीए वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को जनता के बीच लेकर जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *