![]()
ललितपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर एक यात्री चलती ट्रेन से गिर गया। ट्रेन की 13 बोगियां उसके ऊपर से गुजर गईं, लेकिन चमत्कारिक रूप से उसकी जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई हैं और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे प्लेटफार्म नंबर तीन पर हुई। गाड़ी संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस ट्रेन ललितपुर से झांसी की ओर रवाना हो रही थी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम भगवातपुरा निवासी 40 वर्षीय दातार सिंह यादव पुत्र सीताराम स्लीपर कोच एस-6 के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहे थे। अत्यधिक भीड़ के कारण दातार सिंह यादव अचानक ट्रेन से गिरकर प्लेटफार्म से सीधे ट्रेन के नीचे आ गए। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कर्मियों ने तुरंत उन्हें उठाया। घायल दातार सिंह को तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि वह भोपाल से लौट रहे थे और ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण गेट पर बैठे थे। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है।
Source link
ललितपुर में चलती ट्रेन से फिसला यात्री:गेट पर बैठकर कर रहा था सफर, 13 डिब्बों के नीचे आने के बाद भी सुरक्षित