सचिन हत्याकांड का मुख्य आरोपी सोनू गिरफ्तार:बागपत में पत्नी के साथ मिलकर की थी हत्या, अवैध संबंधों का था विरोध


बागपत के शहर कोतवाली क्षेत्र के निरोजपुर गुर्जर गांव में हुए चर्चित सचिन हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सोनू मृतक सचिन की पत्नी का प्रेमी बताया जा रहा है। मामले में सचिन की पत्नी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व सचिन की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी सोनू ने मिलकर की थी। आरोप है कि दोनों ने पहले सचिन को खीर में नशीली गोलियां मिलाकर खिलाईं और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पत्नी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुआ था संपर्क हत्या के बाद सचिन की पत्नी ने परिजनों को गुमराह करने के लिए मौत को बीमारी से हुई बताने का प्रयास किया। हालांकि, मृतक के भाई नवीन की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि सोनू और सचिन की पत्नी के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क हुआ था, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गया। पुलिस का कहना है कि सचिन को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध करता था। इसी वजह से दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची। शहर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान के दौरान रनछाड़ क्षेत्र से आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *