![]()
सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली इलाके के ग्राम बघाईन निवासी युवक रवि गोपाल की सऊदी अरब में हुई मौत के बाद बुधवार को उनका शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंच गया। शव के पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद शव को बाहर लाया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे रिसीव किया। महमूदाबाद तहसील के नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने सुपुर्द लिया। इस दौरान तहसीलदार महमूदाबाद और डॉ. अम्मार रिजवी भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को एम्बुलेंस के जरिए सीतापुर के बघाइन गांव के लिए रवाना कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रवि गोपाल की 18 मार्च को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में ईरानी हमले के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई थी। परिजन लगातार शव के भारत लाए जाने का इंतजार कर रहे थे, जो अब पूरा हुआ। बताया जाता है कि 18 मार्च को पत्नी से बातचीत के दौरान अचानक फोन कटा और परिवार की खुशियां छीन गईं। उसके उपरांत भाजपा विधायक आशा मौर्य, डीएम राजा गणपति आर ने भारतीय दूतावास से पत्रचार कर शव लाने के प्रयास किए थे शव के गांव पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने की संभावना है। परिजनों ने बताया कि गांव में ही पूरे रीति-रिवाज के साथ रवि गोपाल का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना से पूरे इलाके में गहरा दुख है। ग्रामीणों और परिचितों ने शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को ढांढस बंधाया है। रवि गोपाल की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
Source link
सऊदी अरब से सीतापुर के युवक का शव लखनऊ पहुंचा:18 मार्च को हमले में हुई थी मौत, महमूदाबाद में होगा अंतिम संस्कार