संभल हाईवे पर सड़क हादसा: दो मजदूरों की मौत:ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन घायल


संभल के आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक ही गांव के दो लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान बिचैटा गांव निवासी 45 वर्षीय हरपाल सिंह पुत्र रामलाल और इसी गांव के गौरव पुत्र राजवीर के रूप में हुई है। गौरव को घटना की रात ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी में मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि हरपाल सिंह की मौत गुरुवार को इलाज के दौरान हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों में देवरखेड़ा निवासी 50 वर्षीय सूरज पुत्र रोजलाल, बिचैटा निवासी 25 वर्षीय ओमपाल पुत्र जगदीश और 55 वर्षीय बहादुर पुत्र हीरालाल शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। यह हादसा बुधवार रात करीब 9:30 बजे संभल जनपद की चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र में मोहम्मद गंज गांव के पास चंदौसी बाईपास फ्लाईओवर के निकट हुआ। एक ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ट्रैक्टर-ट्रॉली को घसीटते हुए डिवाइडर पर चढ़ गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में ट्रैक्टर में सवार एक युवक के बाद दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक हरपाल अपने पीछे पत्नी मीरा देवी और चार बच्चों लवकुश, आरती, शीतल, ऐमनीष को छोड़ गए हैं। वहीं, मृतक राहुल की मां का नाम वीरवती है और उसकी दो छोटी बहनें गौरी एवं छाया हैं। वह अपने माता-पिता और बहनों का इकलौता सहारा था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *