लखनऊ में बिजली कटौती से लोग परेशान:ऐशबाग में 15 घंटे गुल रही बत्ती, पानी को भी तरसे लोग; आलमबाग में लो वोल्टेज


लखनऊ में रविवार को शहर के कई इलाकों में बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों से लोग परेशान रहे। ऐशबाग में सुबह करीब 6 बजे केबल में फॉल्ट आने से इलाके की बिजली गुल हो गई। परेशान उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र से लेकर टोल-फ्री नंबर 1912 तक कई बार शिकायत दर्ज कराई। दोपहर करीब 1 बजे शीतलखेड़ा, भोलेखेड़ा समेत कुछ इलाकों में आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन कई क्षेत्रों में रात 9 बजे तक बिजली नहीं आ सकी। रुस्तम नगर में गिरा बिजली का खंभा सआदतगंज के रुस्तम नगर में अचानक बिजली का खंभा गिरने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नूरबाड़ी उपकेंद्र से तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराई गई। देर रात तक खंभे को दुरुस्त करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम जारी रहा। वहीं जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-6 में 220 केवी पेगरामऊ से आने वाली सप्लाई भी बंद रही। नटखेड़ा में बिजली – पानी के लिए लोग परेशान आलमबाग के नटखेड़ा रोड स्थित कुटिया वाली गली में सुबह करीब 7 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली के बॉक्स में खराबी आने के कारण क्षेत्र की सप्लाई बाधित हुई। व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष अरोड़ा ने बताया कि इसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग के एसडीओ भूषण प्रधान को दी गई। इसके बाद लाइनमैन को मौके पर भेजकर खराबी दूर कराने का प्रयास किया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। लो वोल्टेज से उपभोक्ता परेशान स्थानीय लोगों के मुताबिक बिजली बहाल होने के बाद भी क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। इससे पानी के मोटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं चल सके। लोगों का कहना है कि बिजली कटौती का सीधा असर पानी की सप्लाई पर पड़ता है और घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो जाता है। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से बिजली के बॉक्स की स्थाई मरम्मत कराने और लो वोल्टेज की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *