संभल में 40 मिनट में 5 मिमी बारिश:15 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा, 27 डिग्री पर पहुंचा, मोबाइल पर आया अलर्ट मैसेज


संभल में गुरुवार रात हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। लगभग 40 मिनट तक हुई इस बारिश से पारा 15 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। गुरुवार रात करीब 9:09 बजे जनपद संभल के शहरी और ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो बारिश के बाद घटकर 31 डिग्री सेल्सियस हो गया। रात 10:43 बजे तक इसमें 4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आई, जिससे तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अनुमान है कि 40 मिनट की इस बारिश में लगभग 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश और आंधी के बीच संभल में कई लोगों को मोबाइल पर 3 घंटे के लिए भयंकर आंधी-तूफान का अलर्ट मैसेज भी मिला। बीती 16 मई से आम जनमानस भीषण गर्मी का सामना कर रहा था। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद हुई इस बारिश से न केवल मौसम ने करवट ली है, बल्कि त्वचा को झुलसाने वाली गर्मी से भी बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक मौसम ऐसा ही सुहावना रहने की संभावना है। स्थानीय निवासी कुशल कुमार ने बताया कि कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बाद बारिश से मौसम में बदलाव आया है। हालांकि, कुछ लोगों को तेज हवाओं के कारण नुकसान भी हुआ है। मोहम्मद नईम ने कहा कि बकरीद के त्योहार के दिन रात में हुई बारिश से सभी लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *