संभल में रक्षाबंधन पर सड़क हादसे में युवक की मौत:अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस


संभल में रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार शाम सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। युवक की शादी महज 80 दिन पहले हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पवांसा-आटा मार्ग पर हुआ हादसा
हादसा शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र में पवांसा-आटा मार्ग पर गांव सिहोरी के पास हुआ। मृतक की पहचान विक्रमपुर तहरपुर गांव निवासी प्रेम शंकर के 20 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। अजय अपने चचेरे भतीजे रोहित को बनियाठेर क्षेत्र की नगर पंचायत नरौली छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। 80 दिन पहले हुई थी शादी
अजय पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि सिहोरी गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पति की मौत की खबर सुनकर सुनीता सदमे में हैं। जिस घर में रक्षाबंधन की खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया। ग्रामीणों ने सड़क से हटाया शव और बाइक
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल अजय और उनकी बाइक को मुख्य मार्ग से हटाया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो अजय की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वे शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन की तलाश
सूचना मिलने पर पुलिस घर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शाम करीब 7:30 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और उसके चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *