संभल में युवक ने किया सुसाइड:परचून की दुकान में फांसी लगाई, पत्नी ने खेत से लौटने के बाद देखा शव


संभल में एक ग्रामीण ने अपनी परचून की दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना तहसील संभल के थाना नखासा क्षेत्र के गांव ईसापुर सुनवारी की है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय रौदास पुत्र गंगासरन के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की जानकारी फांसी लगाने के लगभग तीन घंटे बाद हुई। मृतक की पत्नी चंद्रावती शाम 5 बजे गांव में ही खेत में धान लगाने गई थीं। जब वह 7:15 बजे लौटीं, तो पति दिखाई नहीं दिए और गांव के बाहर हिसामपुर रोड पर स्थित दुकान का दरवाजा अंदर से बंद था।
शक होने पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। लोहे का गेट तोड़कर अंदर देखा गया तो रौदास फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। रविवार रात 8 बजे थाना पुलिस को ग्रामीण के द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा एवं पुलिस चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक रौदास अपने पीछे पत्नी चंद्रावती और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें 15 वर्षीय डोली, 13 वर्षीय प्रिंसी और 6 वर्षीय अनमोल शामिल हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि ग्रामीण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उनके द्वारा आत्महत्या क्यों की गई, इसके पीछे के कारणों की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *