![]()
संभल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंसूरपुर माफी में एक नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया गया है। यह पुलिस चौकी तहसील संभल के थाना असमोली क्षेत्र में स्थापित की गई है। गुरुवार शाम 5 बजे जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने नवीन पुलिस चौकी मंसूरपुर माफी का उद्घाटन किया। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत कक्षा 2 की छात्रा जुनैरा अशरफ ने फीता काटा, जो महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं की सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश देता है। एसपी के पूछने पर छात्रा जुनैरा अशरफ ने बताया कि यह पुलिस चौकी हम लोगों की सुरक्षा के लिए बनी है। इस अवसर पर बीजेपी जिला महामंत्री हरिओम शर्मा, संभल सीओ कुलदीप कुमार और असमोली सीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना की। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित बीजेपी जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू ने हवन में आहुति दी। नवस्थापित पुलिस चौकी के प्रारंभ होने से क्षेत्र में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और आपातकालीन सेवाओं को अधिक मजबूती मिलेगी। इस दौरान आमजन को सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा जनसहयोग से अपराध नियंत्रण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। चौकी के निर्माण में सहयोग करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि थाना असमोली की मंसूरपुर चौकी की स्थापना एडीजी एलओ (ADG LO) के निर्देश पर की गई है। इसका उद्देश्य जनपद के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करना, अवैध खनन रोकना और जिले को सीलबंद करने की रणनीति को मजबूत करना है। यह चौकी कुल 18 गांवों को कवर करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि नए भर्ती हुए कांस्टेबल यहां प्रभावी तरीके से कार्य करेंगे।
Source link
संभल में मंसूरपुर पुलिस चौकी का उद्घाटन:डीएम-एसपी ने उद्घाटन किया, छात्रा जुनैरा अशरफ ने काटा फीता