संभल में बालकनी से गिरकर महिला की मौत:कपड़े सुखाने छत पर गई थी, नीचे उतरते समय हादसा


संभल में शनिवार सुबह एक महिला की बालकनी के जीने से गिरकर मौत हो गई। यह घटना जनपद संभल के थाना रायसत्ती क्षेत्र के मोहल्ला चमन सराय में हुई। परिजन घायल अवस्था में महिला को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला की पहचान वसीम की पत्नी कौसर जहां (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कौसर जहां सुबह करीब 9 बजे छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। वापस लौटते समय वह बालकनी के जीने से अचानक गिर गईं। उनकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें घायल अवस्था में पाया। परिवार के लोग तत्काल कौसर जहां को इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल ले गए। डॉ. अवधेश कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने महिला की मौत की सूचना संभल कोतवाली पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस और रायसत्ती पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों ने इसे एक हादसा बताते हुए पुलिस से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। कौसर जहां अपने पीछे 18 वर्षीय हबीबा, 16 वर्षीय उवेद और 7 वर्षीय अब्दुल को छोड़ गई हैं। थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने बताया कि उन्हें एक महिला के जीने से गिरकर मौत होने की सूचना मिली थी। परिजनों के इनकार के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *