संभल में बारिश से 11 डिग्री पारा गिरा:AQI 75 पहुंचा, महीनेभर बाद मौसम ने करवट ली; काली घटा के साथ तेज हवाएं चली


संभल में तेज हवा के साथ हुई बारिश से मौसम में बड़ा बदलाव आया है। पिछले पांच दिनों की तुलना में आज तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 75 पर पहुंच गया। यह पिछले एक महीने से 150 के पार बना हुआ था। बुधवार सुबह 8 बजे संभल जिले का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को महीने भर से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने आज से बारिश का अलर्ट जारी किया था, जिसका असर सुबह से ही दिखना शुरू हो गया। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जनपद के ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि शहरी क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ रिमझिम फुहारें पड़ीं। गंगा किनारे की गुन्नौर तहसील के जुनावई ब्लॉक और असमोली ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। चंदौसी, संभल, बहजोई और बबराला सहित अन्य शहरी इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। शुरुआती बारिश एक मिलीमीटर मापी गई। जनपद में मौसम में बदलाव सुबह 5:40 बजे से ही शुरू हो गया था। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी का लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव देखा जा रहा था। सरकारी और निजी अस्पतालों में पेट दर्द, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव से इन बीमारियों में कमी आने की उम्मीद है। स्थानीय निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि कई दिनों से भयंकर गर्मी पड़ रही थी। सुबह से मौसम अच्छा है और बारिश होने के बाद गर्मी से राहत मिली है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *