सीतापुर में ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली ने शिक्षिका को रौंदा:स्कूल जाते समय रेलवे क्रॉसिंग पर हादसा, टीचर घायल; स्कूटी क्षतिग्रस्त


सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षिका ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गईं। हादसा महमूदपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास उस समय हुआ, जब शिक्षिका सुषमा भार्गव अपनी स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। महिला को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय मदनापुर की इंचार्ज सुषमा भार्गव रोज की तरह सुबह अपने घर से विद्यालय के लिए निकली थीं। जैसे ही वह महमूदपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी ट्रैक्टर के नीचे जा फंसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान सुषमा भार्गव सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में निर्धारित क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही चालक की तलाश भी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती ओवरलोड वाहनों की समस्या पर नाराजगी जताई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *