संभल में बारिश से बदला मौसम:9 डिग्री की गिरावट से पारा 27 डिग्री पर पहुंचा, उमस भरी गर्मी से राहत


संभल में रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम में बदलाव आया है। पिछले तीन दिनों के मुकाबले तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पारा 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इस बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे जिला मुख्यालय बहजोई इलाके में रिमझिम बारिश शुरू हुई। यह बारिश दोपहर 1 बजे तक जारी रही, जिससे पूरे इलाके का मौसम सुहावना हो गया। तहसील संभल के असमोली ब्लॉक के 40 से ज्यादा गांवों में 15 मिनट की तेज बारिश और एक घंटे की रिमझिम बारिश हुई। इससे पिछले तीन दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को काफी आराम मिला। गंगा किनारे की गुन्नौर तहसील के सभी इलाकों में भी मौसम बदला है। नगर पंचायत बबराला और गुन्नौर में रिमझिम बारिश से सड़कें गीली हो गईं और गड्ढों में पानी भर गया। चंदौसी तहसील के बनियाखेड़ा ब्लॉक के खटैटा, पल्था, मिठनपुर, नगला पूर्वा, फतेहपुर डाल, आलमपुर कुदैयां, रहौली, बेरीखेड़ा, चमरपूरा, असालतपुर जारई, बाकरपुर भेंतरी सहित अन्य गांवों में भी बारिश हुई। संभल शहर और श्रीकल्कि धाम गांव ऐंचौड़ा कम्बोह के 25 गांवों में देर रात ढाई बजे से सुबह तक अच्छी बारिश दर्ज की गई। पूरे जिले में काले बादल छाए हुए हैं। आज पूरे जिले में कुल 12 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने रात तक बारिश जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। गांव शहजादी सराय निवासी दयाराम सैनी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से धान और ईख की फसलों को फायदा पहुंचा है। हालांकि, मूंग, बाजरा, उड़द और मौसमी सब्जियों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *