अमेठी में फरार हत्यारोपी पर पुलिस का शिकंजा:मुनादी कर घर पर नोटिस चस्पा, सरेंडर नहीं किया तो संपत्ति कुर्क होगी


अमेठी में फरार चल रहे हत्यारोपी पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची। टीम ने ढोल-नगाड़ों से मुनादी करवाते हुए आरोपी के घर के बाहर धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपी जल्द हाजिर नहीं होता है, तो उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। यह मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के दलशाहपुर गांव का है। यहां 17 जून को जमीनी विवाद में बुजुर्ग रामफली पाल की हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, मुख्य अभियुक्त शीतलाबख्श सिंह अभी भी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने साफ किया है कि अगर हत्यारोपी जल्द से जल्द अदालत या थाने में हाजिर नहीं होता है, तो उसकी चल और अचल संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। हत्या के बाद यह मामला सियासी भी हो गया था। घटना के बाद समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचा था। मृतक का पुत्र समाजवादी पार्टी का सक्रिय सदस्य है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *