बिजनौर में अचानक बदला मौसम, तेज बारिश से मिली राहत:तापमान में गिरावट दर्ज, शहर और धामपुर में दो घंटे से ज्यादा बारिश


बिजनौर में बुधवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया। दोपहर करीब 12 बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। इसके कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई, जो काफी देर तक जारी रही। बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दरअसल, पिछले कई दिनों से बिजनौर जिले के कई हिस्सों में बारिश नहीं हो रही थी। तेज गर्मी के कारण लोग पसीने से परेशान थे। बुधवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदला। दोपहर करीब 12 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो एक बजे तक तेज बारिश में बदल गई। बिजनौर शहर और धामपुर समेत कई जगहों पर दो घंटे से ज्यादा तेज बारिश हुई। इससे कई जगह जलभराव की परेशानी भी देखने को मिली। बारिश से पशुओं के चारे और गन्ने की फसल को फायदा होने की उम्मीद है। हालांकि, इस बारिश की वजह से मजदूरों को भी परेशानी हुई। मजदूरी करने आए कुछ लोगों को अचानक बारिश के कारण छुट्टी करनी पड़ी। कई राहगीर और स्कूली बच्चे भी बारिश में भीगते दिखाई दिए। कृषि अनुसंधान केंद्र नगीना में पिछले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान इस प्रकार रहा: 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्ष आर्द्रता (R.H) 92 और 80 रही। 1 सितंबर को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *