संभल में बारातियों में मारपीट, 18 लोग घायल:मनौटा पुल पुलिस चौकी के पास भिड़े बाराती, सात का मेडिकल हुआ


संभल में एक बारात में खाना खाने को लेकर हुए विवाद के बाद बारातियों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में करीब 18 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष पुलिस चौकी तक पहुंच गए और वहां भी एक-दूसरे से भिड़ गए। यह घटना रविवार रात जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव दबोई खुर्द में हुई। मुरादाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के आटान से रविंद्र पुत्र चंद्रपाल की बारात राजपाल सिंह की बेटी सविता के विवाह के लिए आई थी। जयमाला के बाद सभी लोग खाना खा रहे थे, तभी लड़के पक्ष के दो गुटों में किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। लड़के पक्ष के दो गुटों में झगड़ा हुआ कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पर प्लेट फेंक दी। रात करीब 11:30 बजे हुई इस घटना से बारात में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद दोनों पक्ष थाना क्षेत्र की मनौटा पुल पुलिस चौकी पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में भी उन्होंने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए। मारपीट में कुल 18 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल सात लोगों का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असमोली में कराया है, जिसमें एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से चार लोग शामिल हैं। जिस समय पुलिस चौकी पर यह घटना हुई, वहां केवल एक सिपाही मौजूद था, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गश्त पर थे। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस चौकी परिसर में हुई मारपीट के कई वीडियो भी सामने आए हैं। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि विवाह कार्यक्रम में लड़के पक्ष के दो गुटों में झगड़ा हुआ है। किसी भी पक्ष ने अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पूरे मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *