![]()
संभल में आज़ाद अधिकार सेना के पदाधिकारियों ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर के लिए Z श्रेणी सुरक्षा की मांग की गई। संगठन ने बताया कि यह ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से गृह मंत्रालय और राष्ट्रपति को भेजा जाएगा। प्रदेश महासचिव खिजर गौस ने बताया कि अमिताभ ठाकुर लंबे समय से भ्रष्टाचार, माफिया तंत्र, प्रशासनिक अनियमितताओं और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं। वे आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए भी संघर्षरत हैं। उनके द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों से कई प्रभावशाली और असामाजिक तत्वों के हित प्रभावित हुए हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हुई हैं। गौस ने आगे कहा कि एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष के रूप में अमिताभ ठाकुर देश के विभिन्न राज्यों में जनसभाओं, जनसंपर्क कार्यक्रमों और धरना-प्रदर्शनों में लगातार भाग लेते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा केवल एक व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। ज्ञापन में गृह मंत्रालय से अमिताभ ठाकुर की सुरक्षा का तत्काल उच्चस्तरीय खतरा मूल्यांकन (थ्रेट असेसमेंट) कराने की मांग की गई है। संगठन ने परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें Z श्रेणी सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही, अंतिम निर्णय होने तक अंतरिम व्यवस्था के रूप में सशस्त्र सुरक्षाकर्मी और एस्कॉर्ट सुविधा भी प्रदान करने की मांग की गई है। संगठन ने उनके आवास, कार्यालय और सार्वजनिक कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त, विभिन्न राज्यों में भ्रमण के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से मिलने वाली संभावित धमकियों की जांच कराने का भी आग्रह किया गया है। ज्ञापन में इस मामले पर 30 दिनों के भीतर निर्णय लेकर संगठन को लिखित रूप से सूचित करने का अनुरोध किया गया है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जरिफ मिर्जी, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष अरमान सैफी, असलम तुर्की, आसिफ एडवोकेट, डॉ. शहनवाज चौहान, फैजान, नौशाद शेख, शमशाद अंसारी, विरपाल सिंह, पाराग गर्ग सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Source link
संभल में आज़ाद अधिकार सेना ने सौंपा ज्ञापन:अमिताभ ठाकुर के लिए Z श्रेणी सुरक्षा की मांग, धमकियों की जांच कराने का आग्रह