![]()
संभल पुलिस ने हाईटेंशन लाइन के तार चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 2.52 लाख रुपये मूल्य के चोरी के तार, दो वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में गिरोह के पांच अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं। मंगलवार दोपहर 3 बजे संभल जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई का खुलासा किया। बहजोई थाना पुलिस ने जमशेद आलम (पुत्र नफीसुद्दीन, निवासी मसीह, थाना भीमपुर दीपा, बिजनौर, वर्तमान में संगम विहार, तिमारपुर, नई दिल्ली) और साहिल (पुत्र मईनुद्दीन, निवासी सी ब्लॉक, जहांगीरपुरी, नई दिल्ली) को ग्राम बिसारू और राजपुर के बीच गंगा एक्सप्रेस-वे के नीचे पुलिया से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से बिजली डांग कंडक्टर लाइंस के कुल 13 बंडल (वजन 215 किलोग्राम, अनुमानित मूल्य 2,52,000 रुपये), दो ‘परिंदा मैसेज सर्वे मोर’ उपकरण, दो मोबाइल फोन और दिल्ली नंबर की दो गाड़ियां बरामद की गईं। पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे चोरी किए गए तारों को 180-200 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचकर पैसे कमाते थे, जिसे बाद में आपस में बांट लिया जाता था। वे चोरी के तार दानिश उर्फ मुनसाद (पुत्र रईसुद्दीन, निवासी संगम विहार, दिल्ली) को बेचते थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अप्रैल महीने में उन्होंने 33 केवी और 11 केवी की लाइनों से लगभग 1500-2000 किलोग्राम तार चोरी कर दिल्ली में बेचा था। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बिजली विभाग की लाइनों से तार चोरी करने वाले इन दो अभियुक्तों को वाहन और तारों सहित गिरफ्तार किया गया है। उनके पांच अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। हाल ही में उन्होंने 10-11 स्थानों पर तार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में विद्युत विभाग द्वारा पांच एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इस खुलासे के दौरान बहजोई सीओ डॉ. प्रदीप कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक भी मौजूद रहे।
Source link
संभल पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तार चोर पकड़े:2.52 लाख रुपए, कंडक्टर तार और दो गाड़ियां बरामद की; पांच फरार