![]()
संतकबीरनगर के खलीलाबाद में एक शिक्षिका के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 17 साल की छात्रा का शव शनिवार देर रात छत के आंगन में कुंडी से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। मृतक छात्रा की पहचान गोरखपुर के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के रेवड़ा गांव निवासी रामदरश यादव की बेटी संजनी यादव (17) के रूप में हुई है। संजनी राजकीय इंटर कॉलेज खलीलाबाद में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह पिछले लगभग दो वर्षों से खलीलाबाद के घोरखल मोहल्ले में प्रेम सागर यादव के मकान में अपनी सहेली अंशिका के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। देर रात मकान मालिक ने छात्रा के परिजनों को संजनी के फंदे से लटकने की सूचना दी। बताया गया कि संजनी का शव मकान की छत के आंगन में दुपट्टे के सहारे कुंडी से लटका हुआ था। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। मकान मालिक दंपती भी सुबह से घर से बाहर थे। सूचना मिलते ही कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को तत्काल कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। संजनी तीन बहनों में मझली थी और पढ़ाई में काफी होनहार बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले ही उनसे संजनी की बात हुई थी। छात्रा की अचानक हुई मौत से परिवार में गहरा सदमा है और वे हत्या की आशंका जता रहे हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।
Source link
संतकबीरनगर में 12वीं की संदिग्ध हालत में मौत:छत के आंगन में कुंडे से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका