![]()
गोंडा में यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज में हुए छात्र संवाद कार्यक्रम को ‘फ्लॉप शो’ बताया। संजय निषाद ने शनिवार रात करीब 10:30 बजे बड़गांव पुलिस चौकी के पास मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- अगर 55 साल का व्यक्ति युवा बनने का ढोंग करेगा तो बाकी युवा कहां जाएंगे। संजय निषाद बहराइच में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लखनऊ लौट रहे थे। ‘प्रियंका गांधी के बेटे को लॉन्च करने का था मकसद’ कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रियंका गांधी के बेटे को लॉन्च करना था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्यक्रम की लंबे समय से तैयारी कर रही थी और इसमें करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन कार्यक्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा। ‘युवा मोदी और योगी के साथ’ संजय निषाद ने दावा किया कि आज का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को अवसर दिए हैं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। ‘पहले नकल और शिक्षा माफिया सक्रिय थे’ मंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में नकल माफिया, शिक्षा माफिया, भू-माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में घरों में कॉपियां लिखी जाती थीं और परीक्षाएं तक दिलाई जाती थीं। ‘माफियाओं को विधायक-मंत्री बनाया गया’ डॉ. संजय निषाद ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में ऐसे माफियाओं को विधायक और मंत्री बनाया गया, जिससे प्रदेश का माहौल खराब हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त कानून बनाकर इस व्यवस्था में सुधार किया है। सपा को कांग्रेस के ‘फ्लॉप शो’ से सीखने की सलाह संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी को भी कांग्रेस के कार्यक्रम से सबक लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज का यह ‘फ्लॉप शो’ देखकर सपा को समझना चाहिए कि जनता और युवा अब किसके साथ खड़े हैं।
Source link
संजय निषाद बोले- राहुल गांधी का छात्र संवाद 'फ्लॉप शो':भांजे को लांच करना चाहते थे, 55 साल की उम्र में युवा बनने का ढोंग कर रहे