श्रावस्ती में दो दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न:कबड्डी में खेलो इंडिया, फुटबॉल में स्पोर्ट्स स्टेडियम 'ए' ने जीते खिताब


श्रावस्ती। खेल निदेशालय, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) और जिलाधिकारी श्रावस्ती के निर्देश पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन हो गया। समापन समारोह में जिला पूर्ति अधिकारी दीपक वाष्डेय मुख्य अतिथि रहे, जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर कार्यक्रम का विधिवत समापन किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी शिवकुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कबड्डी बालक वर्ग के फाइनल में खेलो इंडिया श्रावस्ती की टीम ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय सिरसिया को 21-14 से हराकर खिताब जीता। बालिका वर्ग में एटीएस भैयापुरवा ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पटना को 17-5 से पराजित किया। फुटबॉल बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम ‘ए’ ने स्पोर्ट्स स्टेडियम ‘बी’ को 5-3 से हराया। बास्केटबॉल बालक वर्ग में स्पोर्ट्स स्टेडियम श्रावस्ती की टीम ने राजकीय आश्रम पद्धति सिरसिया को 30-22 से पराजित कर जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में राजकीय आश्रम पद्धति भैयापुरवा की टीम विजेता रही। बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालक वर्ग में आदित्य यादव प्रथम और प्रियांशु पाठक द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में आरती ने प्रथम तथा पूजा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल बालिका वर्ग में राजकीय आश्रम पद्धति भैयापुरवा ने टंडवा महंत को 25-18 से हराया। बालक वर्ग में टंडवा महंत इकौना ने राजकीय आश्रम पद्धति सिरसिया को 25-22 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक और तकनीकी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें जगेसर सैनी (खो-खो प्रशिक्षक), मोहम्मद मुस्लिम (फुटबॉल प्रशिक्षक), कन्हैया प्रजापति (व्यायाम प्रशिक्षक), अनुष्का प्रजापति (व्यायाम शिक्षिका), अशोक यादव (प्रधानाध्यापक), अनिल यादव और वीरेंद्र सिंह (व्यायाम शिक्षक) सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया। इस आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दर्शकों में उत्साह का माहौल देखा गया। यह प्रतियोगिता जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *