![]()
शाहजहांपुर में किसानों को खाद मिलने में आ रही दिक्कतों को लेकर भाजपा विधायक अरविंद सिंह ने गुरूवार को नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर खाद के पर्याप्त स्टॉक के बावजूद किसानों को हो रही परेशानी पर सवाल उठाए। जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। ददरौल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अरविंद सिंह ने जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जब जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है, तो किसानों को खाद लेने में दिक्कतें क्यों आ रही हैं। विधायक ने जोर दिया कि सरकार किसानों को समय पर सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को खाद के लिए लाइन में नहीं लगना पड़े। उन्होंने जल्द से जल्द एक बैठक आयोजित करने, स्टॉक और वितरण रजिस्टरों का मिलान कर जांच कराने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने शुक्रवार तक अपने विधानसभा क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों और निजी खाद विक्रेताओं पर उपलब्ध स्टॉक की रिपोर्ट मांगी। जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर ने विधायक को बताया कि जनपद में वर्तमान समय में खाद का पर्याप्त भंडार मौजूद है और विभागीय आंकड़ों के अनुसार कोई कमी नहीं है। इस पर विधायक ने कहा कि उपलब्ध स्टॉक का लाभ किसानों तक भी पहुंचना चाहिए और यह जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। विधायक अरविंद सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समितियों और निजी विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जाए कि किसानों को बिना किसी अनावश्यक देरी के खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि खेती के महत्वपूर्ण मौसम में किसानों को कोई परेशानी न हो।
Source link
शाहजहांपुर में विधायक ने खाद किल्लत पर जताई नाराजगी, VIDEO:DAO से बोले अरविंद सिंह, पर्याप्त खाद है तो मिल क्यों नहीं रही, क्या मार्केट में चली गई